भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव के नतीजों पर पूरे मध्य प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं। आज सुबह 8 बजे से शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र में वोटों की गिनती शुरू हो गई है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन अधिकारियों की निगरानी में मतगणना की प्रक्रिया चल रही है। प्रदेश की सबसे चर्चित सीटों में शामिल दतिया में इस बार करीब 71.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया था, जिसके बाद अब प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला मतपेटियों से बाहर आ रहा है। मतगणना कुल 15 राउंड में पूरी की जाएगी। काउंटिंग के लिए 21 टेबल बनाई गई हैं। 20 टेबल ईवीएम जबकि एक टेबल डाक मतपत्रों के लिए है। काउंटिंग में करीब 350 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।