भोपाल। महिला अपराध के मामले में मध्य प्रदेश को लेकर एक और शर्मनाक रिपोर्ट सामने आई है। पब्लिक प्लेस में महिलाओं से अश्लील हरकतें और गंदे कमेंट करने के मामलों में मध्य प्रदेश पहले नंबर पर है। केंद्र सरकार की ओर से जारी एनसीआरबी के डेटा के आधार पर तैयार रिपोर्ट में इसकी जानकारी मिली है। रिपोर्ट सामने आने के बाद पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह हमारे लिए शर्म की बात है।

रिपोर्ट के मुताबिक, 2022-23 में देशभर में पब्लिक प्लेस में महिलाओं से गंदे इशारे और कमेंट करने से जुड़े 25,741 केस दर्ज हुए। इनमें सर्वाधिक 39 फीसदी यानी 10,133 केस मध्य प्रदेश में सामने आए। इस लिस्ट में तमिलनाडु दूसरे और महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर है। 

केंद्र सरकार द्वारा यह रिपोर्ट तैयार की गई है, जिससे नैतिक मूल्यों से जुड़े क्राइम के मामलों का आंकलन किया जा सके। साथ ही जिन राज्यों में ऐसे अपराध ज्यादा हो रहे हैं, वहां की सरकारों को इस ओर ध्यान देने के निर्देश दिया जाएं। रिपोर्ट के मुताबिक, महिलाओं से अश्लील इशारे और कमेंट करने के मामलों में महाराष्ट्र का नागपुर शहर टॉप पर और मुंबई दूसरे स्थान पर है। वहीं, देश का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर इस लिस्ट में छठे नंबर पर है