भोपाल। कोरोना काल में माध्यमिक शिक्षा मंडल ने स्कूल के छात्रों को दूरदर्शन के ज़रिए पढ़ाने का निर्णय लिया है। माध्यमिक शिक्षा मण्डल 7 सितंबर से स्कूल के छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं प्रारम्भ करने जा रहा है। इसके तहत छात्रों को पाठ्यसामग्री दूरदर्शन पर सुबह 7 से 10 बजे तक प्रसारित की जाएंगी। यह समाग्री ऑडियो और विजुअल रूप में प्रसारित होंगी। 

छात्रों को मिलेगा होम असाइनमेंट 

स्कूली छात्रों को माध्यमिक शिक्षा मंडल की ऑनलाइन शिक्षा नीति के अनुसार होम असाइनमेंट दिया जाएगा। होम असाइनमेंट के ज़रिए छात्रों का मूल्यांकन किया जाएगा। शिक्षा मंडल ने होम असाइनमेंट हर छात्र के लिए अनिवार्य किया है। शिक्षा मंडल ने अपनी नीति में यह साफ ज़ाहिर किया है कि जो छात्र होम असाइनमेंट नहीं करेंगे, वो आगे नहीं जा सकेंगे। 

छात्र, शिक्षक और स्कूल को डाउनलोड करना होगा माशिम ऐप 

माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने कोरोना काल में स्कूली शिक्षा को सुचारु रूप से चलाने के लिए 'माशिम' ऐप तैयार किया है। यह ऐप हर छात्र, शिक्षक और विद्यालय को डाउनलोड करना होगा। इसी ऐप के जरिए परीक्षा शुल्क जमा करने तथा होम असाइनमेंट प्राप्त करने की व्यवस्था तैयार की गई है। माशिम ऐप के अलावा शिक्षा मंडल के पोर्टल पर भी पठन पाठन संबंधित सामग्री उपलब्ध रहेंगी।