ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र में पैसों के लेन देन को लेकर हुए विवाद ने बुधवार रात हिंसक रूप ले लिया। आरामिल इलाके में करीब 11:30 बजे तीन बदमाशों ने फायरिंग कर दो युवकों को घायल कर दिया। एक युवक के पेट में गोली लगी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जबकि, दूसरे के पैर में गोली लगी है। वारदात के दौरान आरोपी काले रंग की बोलेरो से पहुंचे थे और पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
पुलिस के अनुसार, कांच मिल निवासी धीरज तोमर, अजय तोमर और लल्ला गुर्जर का अन्नू तोमर व सादिक खान के साथ पैसों के लेन देन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार रात दोनों पक्ष आरामिल इलाके में आमने-सामने आ गए। कहासुनी के दौरान मामला बढ़ गया और देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई।
यह भी पढ़ें:RDVV में लॉ के पेपर में आए सिलेबस से बाहर के सवाल, कुलगुरु निवास के बाहर छात्रों का धरना
फायरिंग में अजय तोमर के पेट में गोली लगी। अजय के मुताबिक, वह अपने घर के बाहर खड़ा था और विवाद की जानकारी मिलने पर वहां पहुंचा था। इसी दौरान गोली चली और वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। वहीं, सादिक खान के पैर में भी गोली लगी। घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पेट में गोली लगने के कारण अजय की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वारदात की सूचना मिलते ही हजीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जिसमें काले रंग की बोलेरो से आरोपियों के पहुंचने और घटनाक्रम से जुड़ी गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़ें:जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में मुठभेड़, सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया
हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर के मुताबिक, घायलों की शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही शहर में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच भी की जा रही है।