आगर मालवा। आगर मालवा जिले में तीन बच्चों की नदी में डूबने से मौत हो गई। इनमें दो सगे भाई-बहन थे। शुक्रवार देर रात ग्रामीणों ने दो बच्चों के शव निकाल लिए थे। तीसरा शव आज सुबह पुलिस और एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) की मदद से निकाला गया।
घटना नलखेड़ा के गांव छालड़ा की है। मोनू (7), मुस्कान (8) और राजू (8) परिवार के साथ बुजुर्ग बाबू सिंह के दाह संस्कार में शामिल होने गांव छालड़ा आए थे। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे पुरुष शवयात्रा में चले गए और महिलाएं लखुंदर नदी पर नहाने चली गईं। तीनों बच्चे भी उनके साथ थे। महिलाएं जब लौटने लगीं तो बच्चे नजर नहीं आए। घर आकर परिजनों को बताया।
परिजन और ग्रामीण बच्चों की तलाश में नदी किनारे पहुंचे। मोनू और राजू के कपड़े नदी में नजर आए। इसके बाद दोनों के शव बाहर निकाले गए। देर रात तक मुस्कान नहीं मिली। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने पूरी रात मुस्कान की तलाश की। शनिवार सुबह करीब 5.30 बजे बच्ची का शव मिला। मोनू और मुस्कान सगे भाई बहन थे। दोनों के दो भाई-बहन और हैं। पंकज का भी एक भाई है।