अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की जान चली गई। ठाड़ पाथर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गड्ढे में पलट गया। जिसकी वजह से इंजन और ट्रॉली के नीचे दबकर सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है जब डिंडौरी जिले के भीमकुंडी गांव के चार दोस्त ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर अनूपपुर के पौनी गांव गिट्टी लेने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर ट्रॉली खाली थी और वाहन तेज गति में था। ठाड़ पाथर गांव के पास एक मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा जिसके बाद ट्रैक्टर सड़क से उतरकर गहरे गड्ढे में जा पलटा।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने ट्रैक्टर हटाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। करीब एक घंटे बाद यानी सुबह 6:30 बजे जेसीबी की मदद से चारों शवों को बाहर निकाला गया। इस दौरान मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
करन पठार थाना प्रभारी वीरेंद्र बडकरे के अनुसार, मृतकों की पहचान अंकुश उइके (24) के रूप में हुई है। वह ट्रैक्टर का चालक और मालिक था। उसके साथ ब्रजेश पेंदो (18), रवींद्र कुमार गोयल (18) और प्रकाश मार्को (17) भी सवार थे। सभी भीमकुंडी गांव के निवासी थे और आपस में दोस्त थे। हादसे में एक नाबालिग की भी जान गई है।
इस घटना की खबर जैसे ही भीमकुंडी गांव पहुंची वैसे ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। एक साथ चार युवकों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।