भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय OBC मोर्चा की नई कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। पार्टी ने उन्हें विशेष आमंत्रित सदस्य (स्पेशल इनवाइटी) बनाया है। शनिवार को मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी। चहल की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब भाजपा आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत पूर्व क्रिकेटरों को भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां दे रही है।
भाजपा ने शनिवार को OBC मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में बड़े स्तर पर संगठनात्मक नियुक्तियां भी की हैं। नई कार्यकारिणी में सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन राष्ट्रीय महामंत्री, सात राष्ट्रीय मंत्री और 37 राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शामिल किए गए हैं। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। चहल को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर जगह दी गई है।
नई टीम में असम के जोगेन मोहन, ओडिशा की ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश के संगम लाल गुप्ता, महाराष्ट्र के बाबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली के सत प्रकाश राणा, बिहार के अर्जुन साहनी और उत्तर प्रदेश की संगीता बलवंत बिंद को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद मध्वराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली है।
राजनीति में नई जिम्मेदारी मिलने से पहले चहल ने क्रिकेट के एक प्रारूप से संन्यास का ऐलान किया था। करीब दो महीने पहले उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उनका आखिरी फर्स्ट क्लास मुकाबला इंग्लैंड में नॉर्थम्पटनशायर की ओर से मिडिलसेक्स के खिलाफ लॉर्ड्स मैदान पर था। इस मैच में उन्होंने दो विकेट हासिल किए थे।
चहल ने सोशल मीडिया पर अपने फैसले की जानकारी देते हुए कहा था कि वह अब भारत की वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी की तैयारी पर ध्यान देना चाहते हैं। उन्होंने अपने प्रथम श्रेणी करियर में 49 मुकाबले खेले और 32.27 की औसत से कुल 148 विकेट लिए। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 25 रन देकर छह विकेट रहा था।
चहल से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह को भी भाजपा ने संगठन में अहम भूमिका दी थी। 15 नवंबर को पार्टी ने उन्हें पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए गठित घोषणा पत्र समिति में शामिल किया था। इस समिति को चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र और विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को भी इस समिति में जगह मिली है।