नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने गठबंधन का ऐलान कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भाजपा मुख्यालय में एनडीए में शिरोमणि अकाली दल के फिर से एनडीए में शामिल होने की घोषणा की। इस दौरान अमित शाह ने यह भी कहा कि सुखबीर बादल ही गठबंधन के सीएम फेस होंगे।

भाजपा और शिरोमणि अकाली दल करीब 6 साल बाद फिर साथ आए हैं। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में गृहमंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन का ऐलान किया। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि पंजाब में दोनों दल मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा। चुनाव जीतने के बाद अकाली दल का नेता ही मुख्यमंत्री बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सीट शेयरिंग पर फैसला अभी नहीं हुआ है।

इस दौरान शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक गठबंधन नहीं है। यह इमोशनल गठबंधन है। मेरे पिता कहते थे कि यह नाखून-मांस का गठबंधन है। जितनी देर यह गठबंधन रहा पंजाब तरक्की पर रहा। पंजाब में शांति रही। यह रिश्ता मेरे पिताजी और अटल अडवाणी जी ने बनाया था। यह एक पारिवारिक रिश्ता है। पंजाब को बचाने की जरूरत है।

बता दें कि भाजपा और अकाली दल दोनों पार्टियां मिलकर 1997, 2007 और 2012 यानी 3 बार पंजाब में सरकार बना चुकी हैं। कृषि सुधार कानूनों को लेकर सितंबर 2020 में 24 साल बाद दोनों का गठबंधन टूट गया था। इसके बाद 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में पंजाब की 117 सीटों में से अकाली दल 3 और भाजपा महज 2 सीटें ही जीत सकी थी।