भोपाल। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अभी से कमर कस लिया है। पीसीसी चीफ कमलनाथ के आवास पर सोमवार को कांग्रेस नेताओं की एक अहम बैठक हुई। इस दौरान सभी ने सर्वसम्मति से कमल नाथ के नेतृत्व में आने वाला विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कही, साथ ही यह भी कहा गया कि कमलनाथ ही कांग्रेस के सीएम फेस होंगे। इस ऐलान के बाद बीजेपी ने कमलनाथ की उम्र को लेकर कटाक्ष किया है।



गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि, 'कमलनाथ सन्यास की उम्र में सेहरा बांध रहे हैं। वो पूर्व मुख्यमंत्री है, नेता प्रतिपक्ष भी हैं और वही पार्टी के अध्यक्ष भी है। अब भावी मुख्यमंत्री भी कांग्रेस की ओर से वही हैं। कमलनाथ को जब सन्यास लेना चाहिए तो उनको भावी सीएम बनाने की कांग्रेस बात कर रही है।'





नरोत्तम मिश्रा ने आगे कहा कि, 'जब चुनाव होगा तब कमलनाथ 77 वर्ष के होंगे। इससे समझ आएगा कांग्रेस का भविष्य की किसके नेतृत्व में सड़क पर चुनाव लड़ने का संकल्प लिया जा रहा है।' उन्होंने आरिफ मसूद के बयान पर कहा कि, 'कांग्रेस मुस्लिमों को सिर्फ वोट बैंक मानती है। भाजपा का भय दिखाकर मुस्लिमों से वोट लेती है। आरिफ मसूद को आत्मचिंतन करना चाहिए। जिस महीने में कमलनाथ इफ्तारी करते थे उसमें भी मंदिर जाने की बात कर रहे हैं। यही तो पीड़ा है आरिफ मसूद जी का।'





बता दें कि मध्य प्रदेश कांग्रेस ने हाल ही में रामनवमी और हनुमान जयंती मनाने का ऐलान किया था। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने इसपर ऐतराज जताते हुए पूछा कि रमजान क्यों नहीं मनाया जा रहा है?