अगले महीने जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए बीसीसीआई ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया है। चयनकर्ताओं ने एक बार फिर हरमनप्रीत कौर को टीम की कमान सौंपी है। जबकि, स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है। हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप खेलने वाली टीम में इस बार दो अहम बदलाव किए गए हैं। विकेटकीपर यास्तिका भाटिया और प्रेमा रावत को टीम से बाहर कर दिया गया है। जबकि, युवा विकेटकीपर जी. कमलिनी और फिट होकर लौटीं स्पिन ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल को स्क्वॉड में शामिल किया गया है।

टी20 वर्ल्ड कप के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं ने यास्तिका भाटिया को बाहर करने का फैसला लिया। पूरे टूर्नामेंट में उन्हें मिले अवसरों का वह फायदा नहीं उठा सकी। उन्होंने चार मैचों में तीन पारियां खेलते हुए 13.66 की औसत और 117.14 के स्ट्राइक रेट से केवल 41 रन बनाए थे। उनकी जगह 17 वर्षीय विकेटकीपर जी. कमलिनी को मौका दिया गया है। जिन्होंने महिला प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए अपनी प्रतिभा से प्रभावित किया था।

यह भी पढ़ें:MP बना ग्रीन एनर्जी पावरहाउस, नीमच-शाजापुर में 950 मेगावॉट के सोलर पार्क शुरू, 2.14 रुपये प्रति यूनिट मिलेगी बिजली

टीम को एक और बड़ी राहत श्रेयंका पाटिल की वापसी से मिली है। टखने की चोट के कारण वह टी20 वर्ल्ड कप के दौरान बीच टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी लेकिन अब फिटनेस क्लीयरेंस मिलने के बाद उन्हें फिर से टीम में शामिल किया गया है। उनकी वापसी के साथ ही वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रहीं प्रेमा रावत इस बार अंतिम 15 खिलाड़ियों में जगह नहीं बना सकी।

चयनकर्ताओं ने टीम के अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा कायम रखा है। बल्लेबाजी की जिम्मेदारी कप्तान हरमनप्रीत कौर, उपकप्तान स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स संभालेंगी। जबकि, ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा से भी टीम को अहम योगदान की उम्मीद होगी। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋचा घोष और जी. कमलिनी के कंधों पर रहेगी।

यह भी पढ़ें:WhatsApp में बड़ा बदलाव, अब बिना मोबाइल नंबर बताए भी कर सकेंगे चैट

गेंदबाजी विभाग में तेज आक्रमण की अगुवाई रेणुका ठाकुर और अरुंधति रेड्डी करेंगी। वहीं, स्पिन आक्रमण में राधा यादव और श्रेयंका पाटिल प्रमुख भूमिका निभाएंगी। टीम संतुलन बनाए रखने के लिए चयनकर्ताओं ने युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण तैयार किया है।

एशियन गेम्स में क्रिकेट प्रतियोगिता टी20 प्रारूप में खेली जाएगी। भारत की आईसीसी रैंकिंग को देखते हुए टीम को सीधे क्वार्टर फाइनल या नॉकआउट चरण में प्रवेश मिलने की संभावना है। पिछले संस्करण की तरह इस बार भी भारतीय टीम का मुकाबला पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी मजबूत एशियाई टीमों से होने की उम्मीद है। टीम प्रबंधन खिलाड़ियों की फिटनेस और वर्कलोड पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि टूर्नामेंट के दौरान सर्वश्रेष्ठ संयोजन मैदान पर उतारा जा सके।

यह भी पढ़ें:राम मंदिर चढ़ावा चोरी: अयोध्या पहुंचे UP कांग्रेस अध्यक्ष को किया गया नजरबंद, ट्रस्ट ऑफिस घेरने का किया था ऐलान

एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव और नंदनी शर्मा।