उज्जैन। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की "सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा" के शुभारंभ से पहले विश्व कल्याण की कामना के साथ असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने उज्जैन के नृसिंह घाट स्थित बालाजी गार्डन में सनातन परंपरा के अनुसार भूमि पूजन संपन्न कराया। 20 अक्टूबर को विजयादशमी के दिन इसी आयोजन स्थल से पार्थिव शिवलिंग निर्माण शुरू होगा।
दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा 20 अक्टूबर को शिवधाम उज्जैन से रामधाम अयोध्या के लिए रवाना होगी। करीब 930 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा वोट चोरी और चंदा चोरी के विरोध में निकाली जा रही है। यात्रा के माध्यम से चुनाव व्यवस्था की निष्पक्षता सुनिश्चित करने, धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे की पारदर्शिता और मंदिरों के प्रबंधन में जवाबदेही तय करने की मांग उठाई जाएगी।
यात्रा के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, राम जन्मभूमि ट्रस्ट को भंग कर श्रीराम मंदिर की व्यवस्था रामालय ट्रस्ट को सौंपने, चढ़ावा चोरी के मामले में तत्कालीन पदाधिकारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने और महाकाल मंदिर व रामराजा मंदिर सहित देश के प्रमुख धर्मस्थलों के ट्रस्टों का नियमित स्वतंत्र ऑडिट कराने की मांग की जाएगी।
यात्रा में एक पदयात्री राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा और दूसरा धर्म ध्वज पचरंगा लेकर चलेगा। पचरंगे ध्वज में लाल रंग शक्ति, पीला ज्ञान, काला तप, सफेद सत्य और हरा रंग प्रकृति का प्रतीक है। यात्रा का ध्येय वाक्य सुप्रीम कोर्ट का वाक्य 'यतो धर्मस्ततो जयः' रखा गया है। यात्रा से जुड़ने के लिए टोल फ्री नंबर 8982121282 भी जारी किया गया है।
असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण का दायित्व ब्रह्मलीन दद्दा के शिष्य मंडल के वरिष्ठ शिष्य सुरेंद्र सुहाने को सौंपा गया है। 20 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से बालाजी गार्डन में शिवलिंग निर्माण शुरू होगा। आयोजकों ने सभी सनातन धर्म प्रेमियों से इसमें शामिल होने की अपील की है।
उज्जैन शहर में इस मार्ग से गुजरेगी यात्रा
विजयादशमी के दिन बालाजी गार्डन से शुरू होकर यात्रा बड़ा गणेश मंदिर चौराहा, महाकालेश्वर मंदिर चौराहा, पटनी बाजार, गोपाल मंदिर, कमरी मार्ग चौराहा, टंकी चौराहा, मिर्जा नईम बेग मार्ग, तेलीवाड़ा चौराहा, कंठाल चौराहा, निजातपुरा, कोयला फाटक, नगर निगम के सामने, गाड़ी अड्डा चौराहा, दरगाह मंडी और कानीपुरा रोड होते हुए श्री सांई कुंज कॉलोनी, तराना रोड पहुंचेगी। यहां यात्रियों के रात्रि भोजन और विश्राम की व्यवस्था रहेगी।
इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता को पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश परमार, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र वशिष्ठ और विवेक यादव ने संबोधित किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक दिलीप सिंह गुर्जर, मुरली मोरवाल, वीरेंद्र सिंह सिसोदिया और बाबूलाल मालवीय सहित कांग्रेस के कई नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।