अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के चलते भारत में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ती बेहद प्रभावित हुई है। इस बीच मध्य प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह ने मंगलवार देर शाम से हालात बिगाड़ दिए हैं। राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, देवास, रतलाम, शाजापुर और आगर-मालवा समेत कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने घबराकर बड़ी मात्रा में ईंधन भरवाना शुरू कर दिया जिसकी वजह से लंबी कतारें लग गई और कई जगह ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ।

इंदौर और भोपाल में हालात सबसे ज्यादा तनावपूर्ण नजर आए थे। वहां सैकड़ों वाहन पेट्रोल पंपों के बाहर कतार में खड़े दिखाई दिए। इंदौर के पलासिया पेट्रोल पंप पर तो स्टॉक खत्म होने के कारण रात करीब 9 बजे पंप बंद करना पड़ा था। शहर के रसौमा, किला मैदान, एयरपोर्ट रोड, विजय नगर और एलआईजी जैसे इलाकों में भी अचानक भीड़ बढ़ गई थी। भोपाल में प्रगति पेट्रोल पंप सहित कई स्थानों पर लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा था।

यह भी पढ़ें:AAP विधायक हरमीत पठानमाजरा शिवपुरी से गिरफ्तार, रेप केस में 6 महीने से थे फरार

अफवाहों के चलते कई लोग प्लास्टिक की केन लेकर पंपों पर पहुंच गए और अतिरिक्त पेट्रोल-डीजल जमा करने लगे थे। खासतौर पर ट्रांसपोर्ट और ड्राइवर वर्ग के लोग बड़ी संख्या में नजर आए थे। कई जगहों पर सड़क तक गाड़ियों की लाइन लग गई जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई और मामूली विवाद की स्थिति भी बन गई थी।

इस बीच प्रशासन और तेल कंपनियों ने साफ किया है कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने कहा कि देश में ईंधन और एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। खाद्य आयुक्त कर्मवीर शर्मा के अनुसार, प्रदेश में रोजाना करीब 1.35 करोड़ लीटर ईंधन की खपत होती है और उसी के अनुरूप सप्लाई और भंडारण की व्यवस्था सुचारू रूप से जारी है।

यह भी पढ़ें:भिंड के संस्कार श्रीवास्तव की स्कॉटलैंड में संदिग्ध मौत, परिवार ने जताई हत्या की आशंका

विभागीय मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भी स्पष्ट किया कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की कोई किल्लत नहीं है और आपूर्ति जारी है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाकर भ्रम पैदा करने की कोशिश की जा रही है और सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि आमजन को सही स्थिति बताएं और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।

पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि हाल में कंपनियों ने उधारी के बजाय नकद भुगतान पर सप्लाई शुरू कर दी है। जिसकी वजह से कुछ पंपों पर अस्थायी दिक्कत दिखी थी। वहीं, जिला प्रशासन का कहना है कि कुछ स्थानों पर ट्रांसपोर्ट में दिक्कत के कारण सप्लाई प्रभावित हुई थी जिससे भ्रम की स्थिति बन गई।

यह भी पढ़ें:CG: बिलासपुर में बर्ड फ्लू का कहर, सरकारी पोल्ट्री फार्म में 4400 मुर्गियों की मौत

इसी बीच एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग को लेकर भी नए नियम लागू किए गए हैं। डबल सिलेंडर कनेक्शन वालों के लिए बुकिंग अवधि 25 से बढ़ाकर 35 दिन कर दी गई है। जबकि, उज्ज्वला उपभोक्ताओं के लिए यह अवधि 45 दिन तय की गई है। हालांकि, प्रशासन ने दोहराया है कि गैस और ईंधन दोनों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है।