नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा, कांग्रेस समेत सभी पार्टियों ने पूरी ताकत झोंक दी है।19 अप्रैल यानी शुक्रवार को पहले चरण की 102 सीटों पर वोटिंग होनी है। वोटिंग से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं के नाम वीडियो संदेश जारी कर कहा है कि आप कार्यकर्ताओं को बताएं कि BJP संविधान को मिटाने की कोशिश कर रही है।

राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं के लिए जारी अपने वीडियो संदेश में कहा है कि आप हमारी पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं। मैंने सोचा चुनाव का समय है, मैं आपसे थोड़ी सी सीधी बात कर लूं। ये आम चुनाव नहीं है। ये संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है, जिसमें आप जैसे 'बब्बर शेर' कार्यकर्ताओं के ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। ऐसा इसलिए क्योंकि कांग्रेस पार्टी की सोच और विचारधारा आपके अंदर है, आपकी रगों में हैं।

राहुल गांधी ने आगे कहा है कि कांग्रेस का मेनिफेस्टो एक बेहतरीन मेनिफेस्टो है। इसमें हमारी कुछ महत्वपूर्ण गारंटी हैं। हमने जनता की बात सुनकर यह मेनिफेस्टो तैयार किया है। आप इसके बारे में देश की जनता को बताइए। जनता को बताइए कि बीजेपी हिंदुस्तान की सोच पर हमला कर रही है, हिंदुस्तान की विचारधारा को खत्म कर रही है, संविधान को मिटाने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस की गारंटी-

* गरीब परिवार की एक महिला को सालाना 1 लाख रुपए 
* अप्रेंटिसशिप का अधिकार- सभी ग्रैजुएट्स और डिप्लोमा होल्डर्स को 1 साल की अप्रेंटिसशिप और 1 लाख रुपए
* किसानों को MSP की कानूनी गारंटी
* मनरेगा श्रमिकों का मेहनताना कम से कम 400 रुपए
* कॉन्ट्रैक्ट मजदूरी को खत्म करेंगे
* 30 लाख सरकारी नौकरियां देंगे 
* अग्निवीर को खत्म करेंगे
* GST व्यवस्था को ठीक करेंगे