भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले से चोरी की खबर सामने आई है। 2 और 3 अप्रैल की दरमियानी रात अज्ञात चोर बंगले परिसर में बने स्टोर रूम का ताला तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखी ट्रॉफियां, मोमेंटो और शील्ड लेकर फरार हो गए। घटना का खुलासा 6 अप्रैल की सुबह हुआ जब सुरक्षा गार्ड ने स्टोर रूम का ताला टूटा देखा और सामान गायब पाया।

टीटी नगर थाना पुलिस के अनुसार, चोरी हुआ सामान मंत्री को विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मान स्वरूप मिला था। इसकी कीमत का फिलहाल आकलन किया जा रहा है। थाना प्रभारी गौरव दोहरे ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें:पूर्व CM के बेटे अमित जोगी को उम्रकैद की सजा, जग्गी हत्याकांड में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि जिस स्टोर रूम में चोरी हुई वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। जिसकी वजह से आरोपियों की पहचान में कठिनाई आ रही है। हालांकि, पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस का दावा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।