सतना। जिले के मनकहरी स्थित प्रिज्म सीमेंट फैक्ट्री में एक हादसे में मजदूर की मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर मजदूर क्रेशर पट्टे में फंसकर मजदूर गंभीर घायल हो गया था। मृतक की पहचान 35 साल के दिनेश पटेल के रुप में हुई है। वह बदरखा गांव निवासी था, सतना में किराए के मकान में रहता था।

 शुक्रवार को वह सीमेंट फैक्ट्री के क्रशर प्लांट नंबर 1 में काम कर रहा था, इसी दौरान वह क्रशर के पट्टे की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रबंधन द्वारा उसे अस्पताल ले जाया गया। लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया था। घटना के बाद फैक्ट्री में अफरातफरी मच गई। मजदूर की मौत के बाद सीमेंट फैक्ट्री के मजदूरों का आक्रोश फूट पड़ा। मजदूरों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

और पढ़ें: खुलने वाला है शिवराज सरकार का खजाना, जानिए किसे मिलेगा लाभ

मजदूरों का आरोप है कि सतना की प्रिज्म सीमेंट में मजदूरों की सुरक्षा की अनदेखी की वजह से अक्सर हादसे होते रहते हैं। यहां सिक्योरिटी मेजर्स की घोर अनदेखी की जाती है। मजदूर की मौत की खबर पाकर उसके परिजन फैक्ट्री में जमा हो गए और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। मजदूर नेता और परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े हैं। हंगामा बढ़ता देख फैक्ट्री में पुलिस बल बुला लिया गया। मजदूर के शव का पोस्टमार्टम कर घरवालों को सौंप  दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।