दमोह। बीती शाम दमोह जिले के हटा ब्लॉक के मड़ियादो में एक आवारा पागल कुत्ते ने 15 से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया। इसमें बच्चे भी शामिल हैं। जिसके बाद तुरंत घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां उनका इलाज शुरू किया गया। इनमें दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। लोगों को काटने के बाद कुत्ता भाग गया, जिसकी तलाश लोग करते रहे लेकिन कुछ पता नहीं चला और रात में वह गांव में मृत मिला।

बताया जा रहा है कि 12 वर्षीय लक्ष्मी अहिरवार किराना दुकान जा रही थी। तभी कुत्ते ने काट दिया। बच्ची के चिल्लाने पर परिजन द्वारा कुत्ते को मारकर भगाया गया। भावना कुशवाहा अपने खेत में थी, उन्हें कुत्ते ने काट लिया। इससे वे गंभीर घायल हो गईं। इसी तरह हेमंत अहिरवार (12), सेवक अहिरवार (45), रोहित बंसल (14), हरिशंकर अहिरवार (60), कविता, लेखराम, अशोक सहित अन्य लोगों को काटा है। घायलों के साथ इलाज कराने पहुंचे परिजन द्वारा नाराजगी जाहिर करते हुए बताया गया कि अस्पताल में कोई नहीं था। आधा घंटा इंतजार करने के बाद स्टाफ आया और इलाज शुरू किया।