भोपाल। राजधानी भोपाल के शाहपुरा इलाके में पुलिस ने एक उज़्बेकिस्तान की महिला को अवैध रूप से रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है। महिला किराए के फ्लैट में बिना वैध वीजा के रह रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पश्चिम बंगाल निवासी एक युवक को भी हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया कि महिला का वीजा करीब एक साल पहले ही समाप्त हो चुका था।
पुलिस के अनुसार, मामला तब सामने आया जब त्रिलोचन नगर स्थित फ्लैट के मकान मालिक ने किराएदार साजिद हुसैन खान को मकान खाली करने के लिए कहा। सोमवार को साजिद जब सामान लेकर फ्लैट से बाहर निकल रहा था तभी आसपास के लोगों को गतिविधियां संदिग्ध लगी। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट में रह रही महिला से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महिला ने अपनी पहचान उज्बेकिस्तान निवासी बखरोमोवा निलोफर के रूप में बताई। जब उसके दस्तावेजों की जांच की गई तो पता चला कि उसका वीजा काफी पहले एक्सपायर हो चुका है और वह निर्धारित अवधि से अधिक समय से भारत में रह रही थी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि साजिद हुसैन खान के बुलावे पर महिला करीब आठ से दस दिन पहले भोपाल आई थी। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला इतने समय से किन परिस्थितियों में भारत में रह रही थी और उसके संपर्क किन लोगों से थे।