दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की है। दतिया सीट पर कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार बीजेपी को शिकस्त दी है। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6056 वोटों से हराया है। इस जीत पर कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में परिवर्तन की बयार चल चुकी है।
जयवर्धन सिंह ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह जी को ऐतिहासिक विजय पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। मैं माँ पीतांबरा माई के श्रीचरणों में श्रद्धापूर्वक शीश नवाते हुए दतिया की देवतुल्य जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने अपने अमूल्य आशीर्वाद देकर कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह जी को विजयी बनाया।'
जयवर्धन सिंह ने कहा कि यह विजय कांग्रेस के सामूहिक नेतृत्व व दतिया विधानसभा के एक-एक नेता, कार्यकर्ता की हैं जिन्होंने भाजपा प्रत्याशी नहीं भाजपा सरकार को हराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हैं। यह परिणाम भाजपा सरकार की नैतिक पराजय है। तीनों विधानसभा उपचुनावों में जहाँ बुधनी में भाजपा को सीमित अंतर से जीत मिली, वहीं विजयपुर और दतिया में कांग्रेस ने जनता का विश्वास प्राप्त करते हुए विजय हासिल की है।
जयवर्धन सिंह ने सत्ताधारी दल पर निशाना साधते हुए कहा कि यह स्पष्ट संकेत है कि मध्यप्रदेश में परिवर्तन की बयार चल चुकी है। वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश का किसान, युवा, मातृशक्ति और आमजन भाजपा सरकार को उसके भ्रष्टाचार, कुशासन और जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक जवाब देते हुए सत्ता से बाहर करने का संकल्प लेंगे।
बता दें कि दतिया में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ नंबर 121 पर भी भाजपा हार गई, जहां कांग्रेस को 291 और भाजपा को 264 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने हार को लेकर कहा कि वे हार की समीक्षा करेंगे। उन्होंने इस दौरान नरोत्तम मिश्रा का नाम लिए बगैर कहा कि पार्टी को मां कहने वालों ने धोखा दिया है।