बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और ऑडियो क्लिप वायरल हुई है जिसे आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई नाम के लोगों ने साझा किया है। दोनों ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया है। मुंबई पुलिस फिलहाल वायरल पोस्ट और ऑडियो की सत्यता की जांच कर रही है। हालांकि, अब तक आमिर खान या उनकी टीम की ओर से इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
वायरल पोस्ट में आमिर खान पर लव जिहाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है। पोस्ट में दावा किया गया है कि इस तरह की गतिविधियां भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म के खिलाफ हैं। इसमें चेतावनी देते हुए कहा गया है कि जो लोग ऐसी चीजों को बढ़ावा देंगे उन्हें इसके परिणाम भुगतने होंगे और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई पुलिस को इस कथित धमकी की जानकारी मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से मिली है। पुलिस वायरल फेसबुक पोस्ट और ऑडियो क्लिप का सत्यापन कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि आमिर खान या उनकी टीम की ओर से शिकायत दर्ज कराई जाती है तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब लॉरेंस बिश्नोई गैंग का अभिनेता सलमान खान के साथ काला हिरण शिकार मामले को लेकर लंबे समय से विवाद चर्चा में रहा है। वहीं, आमिर खान के संदर्भ में इस तरह की धमकी का यह पहला मामला बताया जा रहा है।
पोस्ट में आमिर खान की तीसरी शादी का उल्लेख करते हुए उसे लव जिहाद से जोड़ने की कोशिश की गई है। इसमें लिखा गया है कि जो लोग स्टारडम के नाम पर ऐसी गतिविधियों का समर्थन करेंगे उनके खिलाफ गैंग अपने तरीके से कार्रवाई करेगा। पोस्ट में आम लोगों से भी इस मुद्दे पर साथ देने की अपील की गई है।
आमिर खान की तीसरी शादी को लेकर इससे पहले महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे भी विवादित टिप्पणी कर चुके हैं। बढ़ते विवाद के बीच आमिर खान ने रेडिफ को दिए एक इंटरव्यू में स्पष्ट किया था कि उनकी तीनों शादियां सिविल मैरिज के तहत हुई हैं और उनकी किसी भी पत्नी ने धर्म परिवर्तन नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी तीसरी पत्नी गौरी हिंदू नहीं बल्कि ईसाई हैं।
वायरल पोस्ट में राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक बच्ची के साथ हुए कथित गैंगरेप मामले का भी जिक्र किया गया है। पोस्ट में प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए आरोप लगाया गया है कि कुछ राजनीतिक नेता आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। इसमें चेतावनी दी गई है कि यदि अपराध में शामिल कोई भी व्यक्ति कानून से बचता है तो उसे गैंग अपने तरीके से सजा देगा। साथ ही ऐसे नेताओं को भी परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है जो आरोपियों का समर्थन कर रहे हैं।
पोस्ट के अंत में प्रवेश और हिमांशु नाम के लोगों को शहीद बताते हुए उनके लिए श्रद्धांजलि जैसी बातें लिखी गई हैं। साथ ही कहा गया है कि उनकी कुर्बानी बेकार नहीं जाने दी जाएगी और विरोधियों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच और वायरल सामग्री की प्रामाणिकता की पुष्टि में जुटी हुई है।