नई दिल्ली। लोकसभा और आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनावों में चंद्रबाबू नायडू की पार्टी टीडीपी में शानदार जीत दर्ज की है। नायडू न सिर्फ राज्य के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं, बल्कि देश में भी किंगमेकर की भूमिका में हैं। चुनाव में मिली अप्रत्याशित सफलता के बाद अब नायडू परिवार की कमाई में भी बेतहाशा वृद्धि हुई है। चंद्रबाबू नायडू के परिवार की संपत्ति महज पांच दिन में ही 858 करोड़ रुपए बढ़ गई है।

दरअसल, चंद्रबाबू नायडू द्वारा स्थापित एक कंपनी ने जोरदार लाभ कमाया है। पिछले पांच दिनों में हेरिटेज फूड्स के शेयरों में 55 प्रतिशत का उछाल आया है। नायडू की पत्नी नारा भुवनेश्वरी, जो कि इस कंपनी में प्रमोटर हैं, के शेयरों में 535 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। चुनाव के नतीजे घोषित होने से कुछ घंटे पहले 3 जून को शेयर 424 रुपये पर कारोबार कर रहा था। शुक्रवार को हेरिटेज फूड्स का शेयर 661.25 रुपये पर पहुंच गया।

हेरिटेज ग्रुप की स्थापना 1992 में चंद्रबाबू नायडू ने की थी। यह कंपनी डेयरी, रिटेल और एग्री सेगमेंट में काम करती है। चंद्रबाबू नायडू की पत्नी भुवनेश्वरी के पास कंपनी में 24.37% हिस्सेदारी है। जबकि बेटे लोकेश और बहू ब्राह्मणी के पास 10.82% और 0.46% हिस्सेदारी है। नायडू के पोते देवांश के पास इसमें 0.06% हिस्सेदारी है। यानी चंद्रबाबू नायडू के परिवार की कंपनी में कुल हिस्सेदारी 35.71% है।

शुक्रवार 7 जून को हेरिटेज फूड्स का शेयर 10% की तेजी के साथ 661.25 रुपए पर बंद हुआ। वहीं बीते 5 दिनों में इसमें 55% की तेजी रही है। हेरिटेज फूड्स का मार्केट कैप इस हफ्ते 2,400 करोड़ रुपए से ज्यादा बढ़ा है। कंपनी का मार्केट कैप 7 जून को 6,136 करोड़ रुपए हो गया। यह एक सप्ताह पहले 3,700 करोड़ रुपए था।