जयपुर। उदयपुर के वल्लभनगर से विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत का आज निधन हो गया है। कांग्रेस नेता गजेंद्र सिंह शक्तावत काफी लंबे से बीमार चल रहे थे। उनके निधन पर कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं ने शोक जाहिर किया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने शक्तावत के निधन पर शोक जताया है।

शक्तावत के परिजनों और डॉक्टर के संपर्क में थे सीएम गहलोत 

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बताया है कि वे पिछले 15 दिनों से शक्तावत के परिजनों और डॉक्टर शिवसरण के संपर्क में थे। गहलोत ने कांग्रेस विधायक के निधन पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। गहलोत ने कहा है कि 'ईश्वर से प्रार्थना है शोकाकुल परिजनों को इस बेहद कठिन समय में सम्बल दें एवं दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।' 

राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी गजेंद्र सिंह शक्तावत की मृत्यु पर शोक जाहिर किया है। सचिन पायलट ने कहा है कि वे अपने सहयोगी के चले जाने से काफी दुखी हैं। पायलट ने कहा कि गजेंद्र सिंह शक्तावत बहुत ही विनम्र और दयालु थे। हमेशा अपने क्षेत्र के विकास के प्रति समर्पित रहे। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। वहीं राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी शक्तावत की मृत्यु पर उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। 

शक्तावत के निधन की खबर सुनकर पूरी कांग्रेस पार्टी शोक में डूबी है। राजस्थान सरकार ने आज होने वाली कैबिनेट मीटिंग को भी स्थगित कर दिया है। गजेंद्र सिंह शक्तावत कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे गुलाब सिंह शक्तावत के पुत्र थे। गजेंद्र सिंह शक्तावत का जुड़ाव क्रिकेट से भी रहा था। शक्तावत एक क्रिकेटर के तौर पर रणजी ट्रॉफी और दिलीप ट्रॉफी खेल चुके थे। शक्तावत 1999 से 2004 के बीच राजस्थान स्टेट स्पोर्ट्स काउंसिल के प्रमुख भी रहे थे।