ऑरेंज जोन में शामिल बुरहानपुर में 16  नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है, जिसके बाद अब यहां कुल मरीजों की संख्या 35 हो गई है। नए मरीजों के संक्रमित होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं 3 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बुरहानपुर में अब तक कोरोना से मरने वालों की संख्या 3 तक पहुंच गई है।

मलकापुर से आई महिला मरीज का इलाज बुरहानपुर के एक निजी अस्पताल में हो रहा था, उसके पाजिटिव आने के बाद दाउदपुरा में एक नया केस मिला था। यहां से फिर अचानक 17 नए कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद संख्या 19 तक पहुंच गई थी। और अब 16  संक्रमित मरीजों की रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन अलर्ट पर है। कोरोना पॉजिटिव मरीजों के क्षेत्रों को कंटेनमेंट इलाका घोषित कर दिया है। इलाके में जगह-जगह बैरिगेट्स लगा दिए गए हैं। रास्तों को पूरी तरह सील कर दिया गया।