विदेशों से भारत लौटने के लिए बड़ी संख्या में भारतीयों द्वारा पंजीकरण कराने के कारण बुधवार को भारतीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय की वेबसाइट क्रैश हो गई। मंत्रालय ने वेबसाइट पर अभूतपूर्व ट्रैफिक को इसका कारण बताया है। मंत्रालय ने लोगों से एयर इंडिया की वेबसाइट भी देखने को कहा है। जो विदेशों में फंसे लोगों के लिए उड़ानों का संचालन कर रही है।

गौरतलब है कि भारत ने मार्च माह के अंत में यहां आने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिसके कारण बड़ी संख्या में श्रमिक और विद्यार्थी विदेशों में फंस गए। विदेशों में फंसे लोगों को वापस देश में लाने की घोषणा सरकार ने मंगलवार को की थी। जिसके तहत दो जहाज मालदीव और एक खाड़ी देश के लिए रवाना किया गया है। संयुक्त अरब अमीरात से लोगों को लाने के लिए पहले हफ्ते में 64 उड़ानें शुरू की गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार विदेशों से भारत वापस आने के लिए करीब 2 लाख भारतीयों ने पंजीकरण कराया है। पंजीकरण कराने की आपाधापी के कारण ही मंत्रालय की वेबसाइट पर असर पड़ रहा है।