नई दिल्ली। शुक्रवार रात करीब 9 बजकर 50 मिनट पर दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.9 मापी गई। जबकि, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में बताया गया है। झटके इतने स्पष्ट और लंबे समय तक महसूस हुए कि लोग डर के कारण अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए थे।
भूकंप का असर सिर्फ दिल्ली-एनसीआर तक सीमित नहीं रहा था। बल्कि, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और आसपास के कई शहरों में भी धरती हिलती महसूस की गई थी। नोएडा, चंडीगढ़ और लुधियाना जैसे शहरों के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर के पुंछ, श्रीनगर और उधमपुर में भी लोगों ने झटकों की पुष्टि की। कई जगहों पर झटके रुक-रुककर कुछ देर तक जारी रहे थे। जिससे लोगों में घबराहट और बढ़ गई थी।
झटकों के दौरान ऊंची इमारतों में दीवारें, पंखे, ट्यूब लाइट और घरों का सामान हिलता नजर आया था। स्थिति ऐसी हो गई कि लोग एहतियात के तौर पर खुले स्थानों की ओर भागने लगे थे। खासकर बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले लोगों ने तुरंत बाहर निकलकर सुरक्षित जगहों का रुख किया।
इस भूकंप का प्रभाव अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देखा गया। पाकिस्तान के कई हिस्सों में भी झटके महसूस किए गए थे। इस्लामाबाद, खैबर पख्तूनख्वा, पेशावर और पंजाब प्रांत के कुछ इलाकों से भी भूकंप की सूचना सामने आई है। हालांकि, किसी बड़े नुकसान या हताहत की खबर सामने नहीं आई है लेकिन झटकों की तीव्रता और अवधि ने लोगों में दहशत जरूर पैदा कर दी ही।