नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला को 155 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि ये पूरी कार्रवाई महेश टिम्बर प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े 155 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड मामले में की गई है। इस वित्तीय घोटाले के तार आम आदमी पार्टी के पहले से ही गिरफ्तार पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा से भी जुड़े हुए हैं। इसी कड़ी को जोड़ने और अहम सबूत जुटाने के लिए जांच एजेंसी ने ये पैन इंडिया ऑपरेशन चलाया और वित्तीय हेरफेर के पुख्ता सबूत मिलने के बाद AAP नेता को हिरासत में ले लिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक ED की टीम ने आज सुबह दीपक सिंगला, महेश सिंगला, अमरिक गिल और अन्य से जुड़े गोवा-दिल्ली में 7 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मिले सबूतों के आधार पर दीपक सिंगला को गिरफ्तार किया गया है।ये पूरा मामला महेश टिंबर प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ दर्ज 155 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड से जुड़ा है। ED के अनुसार, आरोपी कंपनियों और व्यक्तियों ने बैंकों से धोखाधड़ी करके बड़ी राशि हड़प ली थी।
सूत्रों के मुताबिक, दीपक सिंगला का नाम इस फ्रॉड में सीधे तौर पर शामिल बताया जा रहा है। दीपक के अलावा महेश सिंगला और अमरिक गिल के नाम भी इस मामले में सामने आया है। अब एजेंसी इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि धोखाधड़ी का ये पैसा कहां-कहां ट्रांसफर किया गया था और इसमें कौन से अन्य लोग शामिल हैं।
सिंगला आम आदमी पार्टी (AAP) की तरफ से विश्वास नगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार रह चुके हैं। एक जांच के सिलसिले में 2024 में भी ED ने उनके ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस मामले पर प्रतिक्रिया के लिए नेता से तुरंत कोई संपर्क नहीं हो सका। एक अलग मामले में, केंद्रीय जांच एजेंसी ने एक ऐसे केस में भी छापेमारी की, जिसमें कथित तौर पर कुछ लोगों के साथ निवेश धोखाधड़ी के ज़रिए 180 करोड़ रुपये की ठगी की गई थी।