पणजी। गोवा के अरपोरा स्थित एक नाइट क्लब में बड़ा हादसा हुआ है। यहां सिलेंडर ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 6 अन्य घायल हैं। मृतकों में 4 टूरिस्ट और 14 स्टाफ शामिल हैं। वहीं, 7 लोगों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
राज्य की राजधानी पणजी से लगभग 25 किलोमीटर दूर अरपोरा गांव में बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब है। यह पार्टी स्थल पिछले साल ही खुला था। क्लब में आग से निपटने के नियमों का पालन नहीं हो रहा था। अफसरों ने बगैर जांच किए इस क्लब को चलाने की अनुमति दी थी।
क्लब में करीब 12 बजे सिलेंडर ब्लास्ट हुआ। यह इतना जोरदार था कि कुछ ही मिनटों में आग पूरे क्लब में फैल गई। फायर ब्रिगेड ने काफी देर की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलते ही CM प्रमोद सावंत मौके पर पहुंचे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के अरपोरा में हुए हादसे पर दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'नॉर्थ गोवा जिले में आग लगने की दुखद घटना से बहुत दुख हुआ, जिसमें कई कीमती जानें गईं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। इस मुश्किल समय में उन्हें हिम्मत मिले। मैं घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।'
वहीं पीएम मोदी ने हादसे को लेकर एक्स पोस्ट में लिखा कि गोवा के अरपोरा में हुई आग दुर्घटना बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मैंने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत जी से स्थिति के बारे में बात की है। राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।
पीएम मोदी ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इस घटना को राज्य के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। साथ ही कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, नाइट क्लब ने अग्नि सुरक्षा मानदंडों का पालन नहीं किया था।