नई दिल्ली। दिल्ली के ITO इलाके में स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) में सोमवार सुबह आग लग गई। आग बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर लगी, जहां शिक्षा मंत्रालय के कुछ ऑफिस हैं। घटना के बाद बिल्डिंग में मौजूद फैकल्टी और छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, सुबह 9:37 बजे आग लगने की सूचना मिली। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने X पर पोस्ट लिखा है कि शिक्षा मंत्रालय के कार्यालयों में आग लगने की खबर बेहद चिंताजनक है। यह मामला कुछ संदिग्ध भी लगता है।

शुरुआती जांच में AC में खराबी को आग की वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने से पहले AC यूनिट से धुआं और स्पार्किंग होता दिखा था। इसके बाद आग की लपटें उठने लगीं।अधिकारियों के मुताबिक, घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का भी अभी पता नहीं चल पाया है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद कारणों की जांच की जाएगी।