रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन भोपाल मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस भीषण दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौत हो गई। जबकि, 20 से अधिक लोग घायल हो गए। यह हादसा नेशनल हाईवे 146 पर सेहतगंज टोल प्लाजा के पास बिलखिरिया क्षेत्र में सुबह करीब 11 बजे हुआ था। उस दौरान भोपाल-सागर रूट पर चल रही दो यात्री बसें आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह अनियंत्रित होकर पास की पुलिया से जा टकराई।

पुलिस के अनुसार, एक बस रायसेन की ओर से भोपाल जा रही थी। जबकि, दूसरी बस भोपाल से सागर जिले के केसली क्षेत्र की तरफ जा रही थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। कई यात्री सीटों से उछलकर गिर पड़े और कुछ लोग बस के भीतर फंस गए। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले राहत कार्य शुरू किया। जिसके बाद पुलिस, प्रशासन और एम्बुलेंस टीमों ने पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

यह भी पढ़ें:ग्वालियर में ऑनर किलिंग का ख़ौफ़नाक मामला, पिता और भाइयों पर युवती की हत्या कर शव जलाया

हादसे में जान गंवाने वालों में पंडा टेकापार, सुल्तानगंज निवासी नीतीश व्यास (28), पचीपरा, बेगमगंज निवासी माखन लोधी (29) की पहचान हो चुकी है। जबकि, एक अन्य मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शुरुआती दौर में मृतकों की संख्या पांच और फिर छह बताई गई थी लेकिन बाद में प्रशासन ने तीन मौतों की आधिकारिक पुष्टि की। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा और पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। एसपी गुप्ता ने बताया कि हादसे में सबसे ज्यादा नुकसान भोपाल से सागर की ओर जा रही बस के यात्रियों को हुआ। खिड़की के पास बैठे कई यात्रियों को सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।

यह भी पढ़ें:सिवनी में कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह बाबा की कार दुर्घटनाग्रस्त, दीवार से टकराकर वाहन में लगी आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बसें तेज रफ्तार में थी और मोड़ पर नियंत्रण नहीं रख सकी। जिसकी वजह से सीधी भिड़ंत हो गई। स्थानीय निवासी हेमराज लोधी ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्रियों के सिर और चेहरे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका कहना है कि अधिक गति और लापरवाही हादसे की प्रमुख वजह प्रतीत होती है।

हादसे में क्षतिग्रस्त हुई बसों में शक्ति ट्रेवल्स और कल्पना ट्रेवल्स की बसें शामिल बताई जा रही हैं। शक्ति ट्रेवल्स की बस को अपेक्षाकृत अधिक नुकसान पहुंचा। एक यात्री ममता रैकवार ने बताया कि वह भोपाल के आईएसबीटी से सिलवानी जाने के लिए बस में सवार हुई थी। बस में करीब 30 से 35 यात्री मौजूद थे। टोल प्लाजा पार करने के कुछ देर बाद अचानक जोरदार टक्कर हुई। जिसकी वजह से कई यात्री सीटों से नीचे गिर गए। उन्होंने बताया कि चालक ने अंतिम क्षण तक बस को नियंत्रित करने की कोशिश की और उसे भी चोटें आई हैं।

यह भी पढ़ें:सतना में कुपोषित बच्ची की मौत पर बवाल, DPM-BMO समेत 6 स्वास्थ्यकर्मियों को नोटिस जारी

एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि दोनों बसों की सीधी टक्कर हुई थी। जिसमें खिड़की के पास बैठे यात्रियों को सबसे ज्यादा चोटें आई। फिलहाल सभी घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीड, सड़क का मोड़ और हाईवे पर भारी यातायात को हादसे के संभावित कारणों के रूप में देखा जा रहा है। नेशनल हाईवे 146 के इस हिस्से पर सिंगल लेन और लगातार भारी ट्रैफिक के कारण पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।