चंडीगढ़। पंजाब पुलिस इस समय नकली प्रशांत किशोर की तलाश कर रही है। लुधियाना पुलिस में यह शिकायत दर्ज कराई गई है कि एक व्यक्ति प्रशांत किशोर की आवाज़ में कांग्रेस नेताओं को राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ भड़का रहा है। इसके साथ ही आगामी विधाननसभा चुनाव में टिकट दिलाने के नाम पर पैसों की डिमांड कर रहा है। पंजाब पुलिस ने इस अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कर नकली पीके की तलाश शुरू कर दी है। 

दरअसल कोई अज्ञात व्यक्ति पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ कांग्रेस नेताओं के कान भर रहा है। उसने खुद को मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह का प्रधान सलाहकार प्रशांत किशोर बता कर कांग्रेसी नेताओं को पार्टी में ऊंचा पद और आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट दिलाने की बात कही। इसके एवज में नकली पीके ने कांग्रेस नेताओं से पैसों की मांग भी रखी। 

यह भी पढ़ें : बंगाल में बीजेपी को झटके के बाद बदल सकते हैं इंचार्ज, कैलाश विजयवर्गीय की जगह लेने के लिए तीन नाम चर्चा में

ऐसा ही एक फोन कॉल कांग्रेस नेता कमलजीत सिंह कड़वल को भी आया था। कांग्रेस नेता ने बताया कि प्रशांत किशोर का नाम लेकर उन्हें किसी व्यक्ति ने फोन किया था। शुरुआत में बात करते समय उनकी शक की सुई तो फोन करने वाले व्यक्ति पर नहीं घूमी लेकिन जैसे ही उसने पैसों की डिमांड रखी, तब उन्हें सारा माजरा समझ में आया। कांग्रेस नेता का कहना है कि पैसों की डिमांड रखते ही उन्होंने फोन काट दिया और नंबर को ब्लॉक कर दिया। 

यह भी पढ़ें : बंगाल के बाद त्रिपुरा में बढ़ी बीजेपी की मुश्किलें, उठने लगे बगावत के सुर

दरअसल प्रशांत किशोर कैप्टन अमरिंदर सिंह के प्रमुख सलाहकार हैं। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। कांग्रेस पंजाब में सत्ता पर बने रहना चाहती है। लेकिन इन सबके बीच पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी की चर्चा भी आम है।