चंडीगढ़। पंजाब में चुनावी नतीजों के पहले ही राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेतृ राजिंदर कौर भट्टल ने एक बयान देते हुए कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो आम आदमी पार्टी से कांग्रेस गठबंधन कर सरकार बना सकती है। हालांकि, पंजाब कांग्रेस कमेटी पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर के बयान से किनारा कर लिया है। अब राजिंदर कौर ने भी कहा कि यह उनका निजी बयान है, इसे पार्टी का बयान ना समझा जाए। 

AAP से गठबंधन वाले कौर के बयान पर कांग्रेस के पंजाब प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि गठबंधन को लेकर राजिंदर कौर के अपने विचार हो सकते हैं, लेकिन यह कांग्रेस पार्टी के विचार नहीं है। कांग्रेस को किसी से गठबंधन करने की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी। बता दें कि इसके पहले 2013 में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने दिल्ली चुनाव के नतीजों के बाद गठबंधन किया था। हालांकि यह सरकार ज्यादा दिन नहीं चल पाई थी और 49 दिन में गिर गई थी।

राजिंदर कौर भट्टल पंजाब की पहली महिला मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। अप्रैल 1996 से लेकर फरवरी 1997 तक वह पंजाब की मुख्यमंत्री थीं। उनका कार्यकाल महज 82 दिन का था क्योंकि 1997 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस हार गई थी और फिर उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा था। 1996 में हरचरण सिंह बराड़ के इस्तीफे के बाद भट्टल को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया गया था।