नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले देश में सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। एक ओर भाजपा छोटे दलों में सेंध लगाकर NDA का विस्तार करने में जुटी है, वहीं उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर गठबंधन के पुराने सहयोगी दलों के बीच मतभेद भी उभरने लगे हैं। इसी बीच, केंद्र सरकार में मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।

चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी पूरी ताकत के साथ यूपी में चुनावी मैदान में उतरेगी। साथ ही पंजाब में भी चुनाव लड़ने की तैयारी चल रही है और जल्द ही वहां से अभियान की औपचारिक शुरुआत की जाएगी।बिहार के हाजीपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी "पंडित से लेकर पासवान" तक सभी जातियों, धर्मों और समुदायों को साथ लेकर चलने की सोच रखती है। 

चिराग पासवान ने दावा किया कि एलजेपी (रामविलास) अब बिहार तक सीमित नहीं रही, बल्कि झारखंड, नागालैंड, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत कई राज्यों में अपना संगठन मजबूत कर रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी जल्द ही पंजाब में चुनावी अभियान शुरू करेगी। इसके लिए वह स्वर्ण मंदिर में मत्था टेककर चुनाव प्रचार का विधिवत शुभारंभ करेंगे। वहीं, उत्तराखंड इकाई ने भी राज्य में चुनाव लड़ने का प्रस्ताव पार्टी नेतृत्व को भेजा है।