अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब से 28 दिन पहले बड़ी धूम-धाम और हमेशा की तरह ज़बरदस्त प्रचार के बीच जिस सी-प्लेन सर्विस को शुरू किया था, उसकी उड़ान एक महीने के भीतर ही ठप हो गई है। मीडिया में आई खबर के मुताबिक अहमदाबाद-केवडिया के बीच 31 अक्टूबर को शुरू हुई यह सी-प्लेन सर्विस इन्हीं 28 दिनों में  इससे पहले भी 2 बार बंद हो चुकी है। 

खबर है कि इस सी-प्लेन को मेंटेनेंस के लिए शनिवार को मालदीव भेजा गया है। इसकी वापसी कब होगी, इस बारे में अधिकारी फिलहाल खामोश हैं। 31 अक्टूबर को उद्घाटन के बाद 1 नवंबर से जनता के लिए शुरू की गई यह सी-प्लेन सर्विस इन 28 दिनों में पहले भी दो बार 3-3 दिन के लिए बंद कर दी गई थी। उस दौरान कहा गया था कि क्रू मेंबर को आराम देने के लिए ऐसा किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: गुजरात में सी प्लेन सेवा शुरू, एक तरफ का किराया 1500 रूपये

गुजरात की इस सी-प्लेन सर्विस की शुरुआत को भले ही एक महीना भी नहीं हुआ हो, लेकिन इसमें इस्तेमाल किया जा रहा विमान करीब 50 साल पुराना है। हालांकि, इसे ऑपरेट करने वाली एयरलाइन स्पाइसजेट का दावा है कि प्लेन बढ़िया हालत में है। 

रजिस्ट्रेशन नंबर 8Q-ISC वाले इस सी-प्लेन का निर्माण 1971 में कनाडा की कंपनी डे हेविलेंड ने किया था। कंपनी ने इसकी पहली डिलीवरी कनाडा की ही ओटावा की रॉयल कैनेडियन माउन्टेड पुलिस को दी थी। तब से अब तक इसके तीन मालिक बदल चुके हैं। अभी सी-प्लेन का रजिस्ट्रेशन मालदीवियन एयरलाइंस के पास है। 2016 में 8 अगस्त को मालदीवियन एयरलाइंस ने यह सी-प्लेन खरीदा था। उससे पहले यह सी-प्लेन कनाडा और तुर्की में भी सेवाएं दे चुका है।

ये देश की पहली सी प्लेन सर्विस नहीं

भले ही देश का ज्यादातर मीडिया कहता हो कि गुजरात में पीएम मोदी ने जिस सी-प्लेन सेवा का उदघाटन किया, वो देश की पहली सी प्लेन सर्विस है। लेकिन ये दावा सच नहीं है। दरअसल इससे पहले भी देश में सी प्लेन सेवाएं चलाई जाती रही हैं। मिसाल के तौर पर जून 2013 में केरल के कोल्लाम से अलापुझा के बीच सी प्लेन सेवा शुरू हुई थी, जिसका उद्घाटन उस वक्त वहां की कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने किया था।