लखनऊ। करहल विधानसभा सीट से पूर्व सीएम अखिलेश यादव के नामांकन दाखिल करते ही बीजेपी ने अपने पत्ते खोल दिये हैं। करहल की सीट पर बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को चुनावी मैदान में उतार दिया है। एसपी सिंह बघेल अब बीजेपी की तरफ से करहल सीट पर अखिलेश यादव के चुनाव लड़ेंगे। 

एसपी सिंह बघेल ने आज मैनपुरी पहुँच कर करहल सीट से पर्चा भी भर दिया। वर्तमान समय में एसपी सिंह बघेल आगरा से सांसद हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी से ही राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। वे पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के सुरक्षा अधिकारी भी रह चुके हैं।

बघेल ने 1998 में चुनावी राजनीति में कदम रखा था। वे सपा के टिकट पर जीत कर ही सांसद पहुँचे थे। 1999 और 2004 में भी वे समाजवादी पार्टी के टिकट से ही सांसद बने। हालांकि 2009 में उनका राजनीतिक सितारा डगमगा गया। उन्हें हार झेलनी पड़ी। वहीं समाजवादी पार्टी ने उन्हें बाहर का रास्ता भी दिखा दिया। 

समाजवादी पार्टी द्वारा मुंह फेरे जाने के बाद एसपी सिंह बघेल तत्कालीन सत्ताधारी दल बहुजन समाज पार्टी का हिस्सा बन गये। लेकिन 2014 में वे बीएसपी के टिकट पर ही चुनाव हार गये।

2015 में वे बीजेपी में शामिल हुए। जिसके बाद 2017 विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें टुंडला से टिकट दिया। वे जीत कर यूपी विधानसभा पहुँचे। योगी सरकार में उन्हें मंत्री पद भी दिया गया। 2019 में उन्होंने आगरा लोकसभा सीट से अपनी दावेदारी भी ठोकी और जीतकर लोकसभा पहुँचे। बघेल मूल रूप से इटावा के रहने वाले हैं।