देश के उत्तर और मध्य हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर और मध्य भारत के 10 राज्यों में हीटवेव का असर बना रहेगा। कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। जबकि, कुछ शहरों में पारा 47 डिग्री के करीब दर्ज किया गया है। विभाग के अनुसार, 24 मई तक गर्म हवाओं और उमस भरी रातों से राहत मिलने की संभावना कम है।
सोमवार को उत्तर प्रदेश का बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा। वहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। पंजाब के बठिंडा में पारा 47 डिग्री तक पहुंच गया था। जबकि, महाराष्ट्र के वर्धा में 46.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। हरियाणा के सिरसा और राजस्थान के चित्तौड़गढ़ तथा पिलानी में भी तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण कई शहरों में दिन के साथ रात का तापमान भी सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है।
यह भी पढ़ें:5 दिन में दूसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, आज से 90 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ ईंधन
निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट ने भी अगले कुछ दिनों तक राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है। एजेंसी के मुताबिक, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के बड़े हिस्से में लू का प्रभाव बना रहेगा। कई क्षेत्रों में औसत तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग ने 20 मई के लिए राजस्थान के 19 जिलों, उत्तर प्रदेश के 33 जिलों और पंजाब के 10 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं, झारखंड में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें:कटनी की पारधी बस्ती में गहराया पेयजल संकट, दूषित पानी पीकर बीमार पड़ रहे ग्रामीण
21 मई को राजस्थान में गंभीर हीटवेव की स्थिति बनने की आशंका है। विभाग ने कहा है कि राज्य में दिन के साथ रातें भी अत्यधिक गर्म रहेंगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी लू चलने का अनुमान है। दूसरी ओर असम, मेघालय, केरल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश में भी गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। सोमवार को राज्य के 22 शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया था। खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। वहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। नौगांव में भी पारा 46 डिग्री तक दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, खजुराहो में इससे पहले 29 अप्रैल 1993 को 46.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था। इस सीजन में पहली बार प्रदेश के इतने बड़े हिस्से में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंचा है।
यह भी पढ़ें:रायपुर में BJP MLA से लूट, मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल छीनकर हुए फरार बदमाश