कौशांबी। उत्तर प्रदेश में सोमवार को प्रयागराज और कौशांबी बॉर्डर पर स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में 2 बच्चों समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 लोग बुरी तरह झुलस गए। पुलिस के मुताबिक, विस्फोट से पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई। 100 मीटर के दायरे में बने आसपास के 8 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें से 3 तो पूरी तरह जमींदोज हो गए।
हादसा सोमवार दोपहर साढ़े 12 बजे कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में हुआ। यह गांव प्रयागराज बॉर्डर पर स्थित है। यहां से मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन महज दो किमी की दूरी पर है। हादसे के बाद पुलिस, एयरफोर्स, NDRF और SDRF के 200 जवान रेस्क्यू में जुटे हैं। 10 बुलडोजर से मलबा हटाया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि मलबे के नीचे कुछ लोग दबे हो सकते हैं। ऐसे में मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे के वक्त फैक्ट्री में 20 मजदूर काम कर रहे थे। आसपास के घरों के कुछ लोग भी घायल हैं। धमाके की आवाज 2 किमी दूर तक सुनाई दी। कुछ ही देर में धुएं का गुबार चारों तरफ छा गया। विस्फोट के बाद पटाखों के चलते लगातार धमाके होते रहे। ग्रामीण झुलसे लोगों को चारपाई पर ले जाते दिखे। विस्फोट की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मकान की तीसरी मंजिल में 8 फीट का छेद हो गया।
यह एक मंजिला पटाखा फैक्ट्री 800 वर्गफीट में बनी थी। मालिक का नाम आदिल है। पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री के बगल में नई बस्ती बस रही थी। फैक्ट्री के आसपास 8 मकान बने थे। हादसे के बाद फैक्ट्री के आसपास की फसलों पर बारूद फैल गया। फायर ब्रिगेड की टीम पानी का छिड़काव कर बारूद को उड़ने से रोक रही है।