रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर की एक शादी इनदिनों सुर्खियों में हैं। इस शादी में दूल्हा अपनी दुल्हनिया को हेलीकॉप्टर से विदा कराकर लाया। इसे नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले की सबसे महंगी शादी कहा जा रहा है। शादी के बाद गुरुवार को दुल्हन की विदाई हुई। हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंची दुल्हन को देखने सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सुरेश ने रेणुका से वादा किया था कि उनकी विदाई को यादगार बनाएंगे। वे कुछ ऐसा करना चाहते है जिससे लोग उनकी शादी को याद रखें। इसके लिए उन्होंने हेलीकॉप्टर बुक किया।

जब दूल्हे राजा जगदलपुर से उडनखटोले में बैठकार अपनी दुल्हनिया को लेकर बीजापुर पहुंचे, तो उनके परिजनों की खुशी देखते ही बनती थी। बीजापुर में हेलीकॉप्टर उतरने के लिए उन्होंने जिला प्रशासन से परमीशन ली थी।  दरअसल बीजापुर में यह पहला मौका है जब कोई दुल्हन हेलीकॉप्टर से विदा होकर आई है।

सुरेश और रेणुका की शादी 23 दिसंबर को हुई है। सुरेश चंद्राकर बिजनेस मैन हैं वे कंस्ट्रक्शन बिजनेस से जुड़े हैं। दावा किया जा रहा है कि इस अनोखी शादी के कार्ड पर ही लाखों रुपए खर्च हुए हैं। दूल्हा और दुल्हन ने अपनी शादी को ऐतिहासिक बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। इनकी शादी की रिसेप्शन बीजापुर के मिनी स्टेडियम हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में जानीमानी हस्तियों ने शिरकत की।