क्या कभी आप सोच सकते हैं कि एक फूल की उम्र क्या हो सकती है? सबसे नाजुक और सबसे क्षणिक उम्रवाले फूल भी कोई करोड़ों साल जीते हैं क्या? लेकिन चीन, ब्रिटेन और अमेरिका के वैज्ञानिकों ने साबित किया है कि फूल की भी करोड़ों साल की उम्र हो सकती है। एक स्टडी में वैज्ञानिकों को 9.9 करोड़ साल पुराने दो फूल मिले हैं। ये फूल एम्बर नाम के स्टोन में संरक्षित हैं।

करोड़ों साल पहले ये दोनों फूल म्यांमार में खिलते थे। अब इनमें से एक Phylica नाम का फूल साउथ अफ्रीका में पाया जाता है। मगर जो फूल एंबर स्टोन में छपे पाए गए हैं वे 9.9 करोड़ साल पुराने हैं। अध्ययन के अनुसार बर्मी एम्बर के ग्लब्स में ये पूरी तरह से संरक्षित मिले हैं। इन फूलों का पता चलने से इस बात का पता चलता है कि फूल वाले पौधों का विकास कैसे होता है। शोधकर्ताओं ने एक फूल का नाम Eophylica priscastellata और दूसरे का नाम Phylica piloburmensis रखा है।

इस स्टडी के राइटर रॉबर्ट स्पाइसर का कहना है कि इन फूलों की पत्तियां बेहद मजबूत हैं और इसलिए उनके संरक्षण की क्षमता अधिक रही। यूके के द ओपन यूनिवर्सिटी में पर्यावरण, पृथ्वी और पारिस्थितिकी तंत्र विज्ञान के स्कूल के प्रोफेसर एमेरिटस का कहना है कि एम्बर में पाए जाने वाले फूल अपने आधुनिक अवतार जैसे ही हैं, इनमें कोई ज्यादा अंतर नहीं है।

प्रोफेसर का कहना कि फूलों के पौधे अन्य पौधों की तुलना में अधिक तेजी से प्रजनन करते हैं, इनका प्रजनन तंत्र थोड़ा जटिल होता है। स्टडी में कहा गया है कि कई शुरुआती फूल अर्ध-शुष्क परिदृश्य में आग के संपर्क में रहे होंगे। 

हाल ही में पुरातत्वविदों ने दुनिया की सबसे पुरानी कली का जीवाश्म भी खोज निकाला था। ये कली चीन के इनर मंगोलिया इलाके में मिली थी, जिसके 16.4 करोड़ साल पुराने होने का दावा किया जा रहा है। ये कली जुरासिक काल की बतायी गयी है। जुरासिक काल 14.5 करोड़ से 20.1 करोड़ साल के बीच माना जाता है।

पुरातत्वविदों के अनुसार चीन के इनर मंगोलिया इलाके में 4.2 सेंटीमीटर लंबी और 2 सेंटीमीटर चौड़ी कली का जीवाश्म मिला था। इसमें फूल के साथ उसका तना भी मिला था, जिसमें पत्तों के होने के सबूत भी शामिल थे। एक गुब्बारे जैसा फूला हुआ फल है, और साथ में एक छोटी कली भी जो 3 वर्ग मिलिमीटर की थी। वैज्ञानिकों ने उसे फ्लोरिजर्निनिस जुरासिका नाम दिया था।