दिल्ली। आजादी के 75 वर्ष के मौके पर आय़ोजित अमृत महोत्सव के तहत लुटियंस की नई दिल्ली को भी सजाया जा रहा है। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद इनदिनों शहर की दीवारों पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की पेंटिंग्स करवा रहा है। इन पेंटिंग्स के साथ जनता के लिए जागरूकता संदेश लिखे जा रहे हैं। वर्तमान में दिल्ली की करीब 100 जगहों पर पेंटिंग्स की गई हैं।

दिल्ली के बाजारों, स्टेडियम, गोले मार्केट, खान मार्केट, चेम्सफोर्ड रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, सुजान सिंह मार्ग, जंतर मंतर रोड, तालकटोरा स्टेडियम रोड, बाराखंभा रोड, कनॉट प्लेस, अंडरपास, फ्लाईओवर जैसे मेट्रो स्टेशनों के के आसपास की वाउंड्री वॉल्स के सौंदर्यीकरण का काम हो रहा है।

दिल्ली के जंतर मंतर के पीछे टॉल्स्टॉय मार्ग पर एक 90 मीटर की चारदीवारी को सांस्कृतिक विरासत और स्वतंत्रता सेनानियों की पेंटिंग से सजाया गया है। वहीं जेजे क्लस्टर क्षेत्र की चार दीवारियों में भी पेंटिंग जारी है। सरदार भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरू, महारानी लक्ष्मीबाई, बाबा साहेब अंबेडकर, मंगल पांडेय, झलकारी बाई, शिवाजी, महाराणा प्रताप जैसे वीरों की पेंटिंग्स की जा रही हैं।

और पढ़ें: हिमालय से ऊँची और सागर से गहरी धांधली

इन दीवारों पर सफाई, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जागरुकता संदेश भी लिखे जा रहे हैं। लोगों को गीला और सूखा कचरा अलग करने, बालिका शिक्षा,लिंगभेद,  कोरोना जागरुकता का संदेश दिया जा रहा है। सिंगल यूज प्लास्टिक के खतरों और स्वच्छता के बारे में भी संदेशों के जरिए बताया जा रहा है। इन दीवारों के पास बड़ी संख्या में लोग सेल्फी लेते नजर आते हैं। यहां से गुजरने वालों को एक अच्छा अनुभव मिलता है। यहां आने वाले लोग एनडीएमसी की इस पहल की तारीफ कर रहे हैं।