टोक्यो। पैरालंपिक खेलों में भारत की बेटियों का जलवा कायम है। भारत की स्टार शूटर अवनि लेखरा ने डबल धमाका किया है। गोल्ड जीतकर देश का नाम रौशन करने वाली अवनि पैरालंपिक में एक और मेडल जीतने में कामयाब हुईं हैं। अवनि ने इस बार ब्रॉन्ज पर निशाना साधकर टोक्यो में झंडा गाड़ दिया है। इसी के साथ पैरालंपिक में देश को अबतक कुल 12 मेडल मिल चुके हैं।



अवनि लेखरा फाइनल मुकाबले के शुरुआत में अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों से पिछड़ रही थीं। हालांकि, एलिमिनेशन राउंड में उन्होंने अभूतपूर्व तरीके से कमबैक किया और तीसरी पोजीशन पर फिनिश करने में कामयाब रहीं। इस तरह उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। अवनि ने इसी हफ्ते महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। भारत की ओर से पैरालंपिक में गोल्ड जीतने वाली अवनि पहली महिला खिलाड़ी तो थीं हीं अब वह एक ही ओलंपिक या पैरालंपिक खेलों में दो मेडल जीतने वाली भी पहली महिला हैं। 



यह भी पढ़ें: टोक्यो पैरालिम्पिक में महिला शूटर अवनि लखेरा को मिला गोल्ड मेडल, एयर राइफल स्टैंडिंग में बनाया नया रिकॉर्ड



अवनि के जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'टोक्यो पैरालंपिक में अत्यधिक गौरव। अवनि लेखरा के जबरदस्त प्रदर्शन से प्रफुल्लित हूं। उन्हें ब्रॉन्ज मेडल लाने के लिए बधाई हो। भविष्य के लिए भी अवनि को शुभकामनाएं।' 





भारत को आज एक दिन में पैरालंपिक में दूसरा मेडल हाथ लगा है। इसके पहले हाईजंप प्रतियोगिता में प्रवीण कुमार ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसी के साथ भारत को पैरालंपिक में अबतक के सर्वाधिक 12 मेडल प्राप्त हुए हैं। इनमें से चार मेडल हाई जंप प्रतियोगिता में मिले हैं। मेडल के कैटेगरी की बात करें तो टोक्यो पैरालंपिक में देश को अबतक 2 गोल्ड, 6 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल मिले हैं।