टोक्यो पैरालिम्पिक में महिला शूटर अवनि लखेरा को मिला गोल्ड मेडल, एयर राइफल स्टैंडिंग में बनाया नया रिकॉर्ड

10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग स्पर्धा के क़्वालीफाइंग राउंड में पिछड़ने के बाद फाइनल में अवनि ने पैरालिम्पिक का नया रिकॉर्ड बनाकर गोल्ड मेडल जीता 

Updated: Aug 30, 2021, 05:22 AM IST

नई दिल्ली। टोक्यो पैरालिम्पिक खेलों में भारत की महिला शूटर अवनि लखेरा ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। अवनि ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग स्पर्धा में नया पैरालिम्पिक रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड पर निशाना साधा। अवनि ने कुल 249.6 का स्कोर बनाते हुए इस स्पर्धा का नया पैरालिम्पिक रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। चीन की सी झांग को स्पर्धा का सिल्वर मेडल मिला। जबकि यूक्रेन की इरिना सखेट्निक ने ब्रोंज मेडल अपने नाम किया। 

19 साल की जयपुर की इस महिला शूटर ने क़्वालिफाइंग राउंड में पिछड़ने के बाद फाइनल में दमदार प्रदर्शन करके गोल्ड जीता। क़्वालिफाइंग राउंड में अवनि 21 खिलाड़ियों मे सातवें स्थान पर थीं।

पैरालिम्पिक की शूटिंग स्पर्धा में भारत का यह पहला गोल्ड मेडल है। अवनि ने इरिना सखेट्निक के 2018 में इस स्पर्धा में बनाये गए विश्व रिकॉर्ड की भी बराबरी की है। पैरालिम्पिक में गोल्ड जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अवनि को ट्वीट कर बधाई दी है। अवनि के अलावा सोमवार को पुरुषों के डिसकस थ्रो एफ 56 इवेंट में भारत के योगेश कथूरिया ने सिल्वर मेडल जीता है।

रविवार को भारत की भाविना पटेल ने टेबल टेनिस में और निषाद कुमार ने हाई जम्प स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता था। जबकि डिसकस थ्रो स्पर्धा में विनोद कुमार ने ब्रॉन्ज़ मेडल अपने नाम किया था। लेकिन विनोद कुमार का रिजल्ट अभी होल्ड पर रखा गया है। टोक्यो पैरालिम्पिक खेलों में पिछले दो दिनों में भारत ने कुल 5 मेडल जीते है।