सुकमा। छत्तीसगढ़ के में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवानों ने 14 नक्सलियों को मार गिराया है। सुकमा की टीम ने मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को मार गिराया है। यह मुठभेड़ किस्टाराम थाना क्षेत्र के पामलूर के जंगलों में हुई। मारे गए नक्सलियों में कोंटा एरिया कमेटी का सचिव सचिन मंगडू भी शामिल है। उधर, बीजापुर में भी दो नक्सली मारे गए हैं।

सुकमा के किस्टाराम इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी के इनपुट पर डीआरजी की टीम को ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था। इस दौरान शनिवार सुबह करीब 8 बजे नक्सलियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में फोर्स ने 12 नक्सलियों को ढेर कर दिया। सभी के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। इलाके में तलाशी अभियान जारी है।

उधर, बीजापुर में माओवादियों की मौजूदगी की इनपुट मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने अभियान शुरू किया। डीआरजी की टीम नक्सल विरोधी ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान शनिवार तड़के नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। सुबह करीब 5 बजे से माओवादियों के साथ रुक-रुककर मुठभेड़ चल रही है। सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से अब तक दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ की पुष्टि एसपी जितेंद्र यादव ने की है।

इससे पहले शुक्रवार को छत्तीसगढ़ का मोस्ट वांटेड नक्सली स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर (SZCM) देवा बारसे ने हैदराबाद में सरेंडर कर दिया है। देवा के साथ 20 नक्सलियों ने भी हथियार डाल दिए हैं। हैदराबाद में दोपहर 3 बजे पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देगी। देवा अपने साथियों के साथ तेलंगाना के मुलुगु पहुंचा था, जहां से पुलिस उसे हैदराबाद लेकर पहुंची थी।