भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जनता क्वार्टर्स के 599 मकानों पर बुलडोजर चलाए जाने को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने इस कार्रवाई को गरीब परिवारों का जबरन विस्थापन बताते हुए सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कड़ाके की सर्दी दस्तक दे चुकी है और बच्चों की परीक्षाएं नजदीक हैं, ऐसे समय में सैकड़ों परिवारों को बेघर किया जा रहा है। जयवर्धन सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी निशाना साधते हुए पूछा कि जब बुधनी के कोसमी गांव में 12 आदिवासी परिवारों के मकान तोड़े गए थे, तब आंसू बहाने वाले शिवराज अब भोपाल के गरीबों के घर उजड़ने पर चुप क्यों हैं?

जयवर्धन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी के बीच भोपाल के जनता क्वार्टर्स के 599 आशियानों और इंदौर के 62 घरों पर बुलडोजर चलाकर गरीब परिवारों को बेघर किया जा रहा है। यह प्राकृतिक पलायन नहीं, बल्कि भाजपा सरकार द्वारा पुलिस और बुलडोजर के बल पर कराया जा रहा जबरन विस्थापन है। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान को घेरते हुए कहा कि बुधनी के कोसमी गांव में वन विभाग द्वारा 12 आदिवासी परिवारों के मकान तोड़े जाने पर शिवराज ने आंसू बहाए थे और इसे अन्याय की पराकाष्ठा बताया था। अब जब राजधानी भोपाल में सैकड़ों गरीब परिवारों के आशियाने उजाड़े जा रहे हैं, तो वे कहां हैं?

जयवर्धन ने कहा कि जिन घरों में बच्चों की किलकारियां गूंजीं, जहां बचपन बीता, त्योहार मनाए गए और परिवारों की यादें जुड़ी हैं, उन्हें बनाने में पूरी जिंदगी लग जाती है। लेकिन सरकार को बस्तियां उजाड़ने में जरा भी संकोच नहीं हो रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक-एक करके राजधानी से गरीबों को बाहर किया जा रहा है, ताकि जमीन कॉरपोरेट्स को कौड़ियों के भाव सौंपी जा सके।
कांग्रेस विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि जब कांग्रेस नेता और आमजन इस कार्रवाई के खिलाफ आवाज उठाते हैं, तो उन्हें हिरासत में ले लिया जाता है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर यह कैसी सरकार है, जिसे गरीबों के आशियानों से ज्यादा जमीन की कीमत की चिंता है। जयवर्धन सिंह ने भाजपा सरकार को हृदयहीन और संवेदनहीन बताते हुए कहा कि अब इस सरकार के अंत की शुरुआत हो चुकी है।

दरअसल, भोपाल के ऐशबाग इलाके में स्थित जनता क्वार्टर्स में सोमवार सुबह से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चल रही है । मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड ने यहां बने करीब 600 मकानों को जर्जर घोषित किया था। इनका निर्माण वर्ष 1986 के आसपास हुआ था और नगर निगम ने मई 2016 में इन्हें रहने के लिहाज से खतरनाक घोषित कर दिया था। इसके बाद मकान खाली कराने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए। रविवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में विशेष सुनवाई हुई, जहां अदालत ने पूरी कार्रवाई पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। हालांकि, एक आवंटी मोहम्मद हफीज खान के क्वार्टर नंबर EWS-465 को 25 नवंबर तक अंतरिम राहत दी गई। इसके बाद सोमवार को 599 मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।