भोपाल। मध्य प्रदेश में पुलिस आरक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे 7.51 लाख अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने 7500 पदों पर होने वाली पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा स्थगित कर दी है। यह परीक्षा 19 नवंबर से शुरू होनी थी, लेकिन निर्धारित तारीख निकलने के बाद भी परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी। अब 22 नवंबर की देर रात मंडल ने परीक्षा स्थगित करने की आधिकारिक सूचना जारी की है। मंडल के मुताबिक, परीक्षा की नई समय-सारणी जल्द घोषित की जाएगी। हालांकि, फिलहाल नई तारीख का ऐलान नहीं हुआ है।

इस परीक्षा के लिए प्रदेशभर से करीब 7 लाख 51 हजार युवाओं ने आवेदन किया था। इनमें 6800 पद जिला पुलिस बल और 700 पद विशेष सशस्त्र बल (SAF) के लिए निर्धारित हैं। इस तरह प्रत्येक पद के लिए औसतन 100 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होना है। बड़ी संख्या में युवा कई महीनों से परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। कई अभ्यर्थियों ने कोचिंग, किताबों और दूसरी अध्ययन सामग्री पर हजारों रुपए खर्च किए हैं। ऐसे में परीक्षा स्थगित होने से उनकी तैयारी की रणनीति और आगे की योजनाएं प्रभावित हुई हैं। परीक्षा की तारीख निकलने के बाद भी प्रवेश पत्र जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों के बीच पहले से ही असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।

परीक्षा स्थगित होने पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने मोहन यादव सरकार और कर्मचारी चयन मंडल पर निशाना साधा है। पार्टी के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने कहा कि बिना किसी वाजिब कारण के परीक्षा स्थगित कर सरकार और कर्मचारी चयन मंडल ने लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि युवा महीनों से मेहनत कर रहे थे और कोचिंग सेंटरों पर हजारों रुपए खर्च कर परीक्षा की तैयारी में जुटे थे। ऐसे समय में परीक्षा स्थगित करना उनके साथ अन्याय है।

जसविंदर सिंह ने आवेदन शुल्क का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों से 500 रुपए और आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों से 250 रुपए आवेदन शुल्क लिया गया है। इतनी बड़ी संख्या में आवेदन आने से सरकार को करोड़ों रुपए शुल्क के रूप में मिले हैं, लेकिन परीक्षा आयोजित कराने में कर्मचारी चयन मंडल की नाकामी का खामियाजा बेरोजगार युवाओं को भुगतना पड़ रहा है।

माकपा नेता ने भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता के आंकड़े भी सामने रखे। उनके मुताबिक, आवेदकों में 42 पीएचडी धारक, 11,961 इंजीनियर, 51,381 पोस्ट ग्रेजुएट और 3.26 लाख ग्रेजुएट शामिल हैं। उन्होंने कहा कि 7500 पदों के लिए साढ़े सात लाख से अधिक आवेदन आना प्रदेश में बेरोजगारी की गंभीर स्थिति को दर्शाता है। माकपा ने सरकार से मांग की है कि पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा की नई तारीख बिना किसी देरी के घोषित की जाए, ताकि अभ्यर्थियों को अनिश्चितता से राहत मिल सके और भर्ती प्रक्रिया जल्द आगे बढ़े।