रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से रांची जा रही एक बस का एक्सीडेंट हो गया। NH43 पर हुए सड़क हादसे में 40 से ज्यादा बस सवार घायल हो गए हैं। बस पलटने से एक पुलिस आरक्षक की मौत की खबर है। हादसे में दर्जनभर यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर से रांची जाने वाली महिंद्रा बस बुधवार तड़के कुनकुरी से जशपुर मार्ग से गुजर रही थी। तभी चराईडांड के पास एक खतरनाक मोड़ पर पलट गई। बताया जा रहा है कि बस ड्रायवर ने मोड पर स्पीड कम नहीं की थी जिसकी वजह से हादसा हो गया। इससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस पलटते ही वहां चीख-पुकार मच गई। हादसे की खबर पाकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को खबर की। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस से कुनकुरी के अस्पताल इलाज के लिए भर्ती कर दिया गया है। दुलदुला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। 

और पढ़ें: इंदौर में MPEB के पॉवर हाउस कैंपस में लगी भीषण आग, आग से कई इलाकों की बिजली गुल

जशपुर पुलिस का कहना है कि साल 2021 में जिले में 326 रोड एक्सीडेंट हुए हैं, जिनमें 211 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। यातायात नियमों की अनदेखी की वजह से लोगों को अपनी जान से  हाथ धोना पड़ रहा है।