मुंबई। हफ्ते का आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर मार्केट के लिए ब्लैक फ्राइडे साबित हो रहा है। सेंसेक्स आज 1300 अंक यानी 1.70 फीसदी की गिरावट के साथ 74,000 पर आ गया है। वहीं निफ्टी में भी 400 अंक यानी 1.60 फीसदी की गिरावट है, ये 22,900 पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 27 में गिरावट है। आज ऑटो और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली है।

एशियाई बाजार की बात करें तो मिला-जुला कारोबार देखने को मिल रहा है। जापान का निक्केई इंडेक्स 0.45 फीसदी गिरकर 53,364 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 2.17 फीसदी गिरकर 5,341 पर कारोबार कर रहा है।
हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.55 फीसदी चढ़कर 24,993 पर कारोबार कर रहा है। वहीं, चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.26% चढ़कर 3,899 पर कारोबार कर रहा है।

आज कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट है। ब्रेंट क्रूड आज 5 फीसदी बढ़कर 99 डॉलर प्रति बैरल के पार कारोबार कर रहा है। वहीं इंडियन बास्केट की कीमतो में 7 फीसदी की तेजी है, ये 157 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है। कल यानी 26 मार्च को शेयर बाजार राम नवमी के चलते बंद था। इससे पहले 25 मार्च को सेंसेक्स 1,205 अंक (1.63%) की तेजी के साथ 75,273 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 394 अंक (1.72%) की तेजी रही, ये 23,306 पर बंद हुआ था। ऑटो, बैंकिंग, मेटल और FMCG शेयर ज्यादा चढ़े।

बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर हमलों पर लगी रोक को 6 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। लेकिन, ईरान की तरफ से नरमी नहीं दिखी है। ईरान अब भी झुकने को तैयार नहीं है। इससे शेयर बाजार के लिए अनिश्चितता बढ़ गई है।  26 मार्च को अमेरिकी बाजार लगभग 2% गिर गए। 10-वर्षीय अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड 4.4% के पार पहुंच गई। गुरुवार को वॉल स्ट्रीट के सूचकांक सितंबर के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गए। इसका भी असर 27 मार्च को भारत सहित एशियाई बाजारों पर दिखा।