मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को लगातार दूसरे दिन तेजी का सिलसिला जारी है। सेंसेक्स करीब 1,700 अंक की तेजी के साथ 75,800 पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी करीब 500 अंक की तेजी है, ये 23,450 पर कारोबार कर रहा है। आज के कारोबार में ऑटो, बैंकिंग, मेटल और FMCG शेयर्स में ज्यादा बढ़त है।

हालांकि शुरुआती कारोबार में रुपया दबाव में नजर आया और डॉलर के मुकाबले 20 पैसे की गिरावट के साथ 93.96 पर ट्रेड कर रहा है। आज कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट है। ब्रेंट क्रूड आज 5 फीसदी बढ़कर 99 डॉलर प्रति बैरल के पार कारोबार कर रहा है। वहीं इंडियन बास्केट की कीमतो में 7 फीसदी की तेजी है, ये 157 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है।

दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच सकारात्मक बातचीत की खबरों से बाजार में रौनक है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि वॉशिंगटन और तेहरान के बीच कई अहम मुद्दों पर सहमति बन गई है। दुनिया भर के बाजारों से मिले अच्छे संकेतों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ा दिया है। शुरुआती कारोबार में लगभग सभी बड़े एशियाई बाजार बढ़त के साथ हरे निशान में रहे।

इससे पहले कल यानी 24 मार्च को भी शेयर बाजार में तेजी रही थी। सेंसेक्स 1372 अंक (1.89%) की तेजी के साथ 74,068 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 400 अंक (1.78%) की तेजी के साथ 22,912 पर पहुंच गया था।