दिल्ली।ऑस्ट्रिया ने अपने देश से रूस के एक राजनयिक को निष्काषित करने की घोषणा की है। वहीं रूस ने इस निर्णय को 'निराधार' करार देते हुए कहा कि वह मॉस्को से इस पर प्रतिक्रिया देगा। बताया जा रहा है कि राजनयिक को जासूसी की शक में निष्काषित करने की घोषणा हुई है। ऑस्ट्रिया के अखबार क्रोनियन जाइटंग अखबार ने अपनी खबर में यह जानकारी दी।

ऑस्ट्रियाई विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की कि रूसी दूतावास के एक राजनयिक को देश छोड़ने का आदेश दिया जा रहा है और कहा कि उनका व्यवहार राजनयिक संबंधों को लेकर वियना में हुई संधि के अनुरूप नहीं था। हालांकि, मंत्रालय ने आगे कोई भी विवरण साझा करने से इंकार किया।

अखबार ने बताया कि राजनयिक पर आरोप है कि वह वर्षों से कथित तौर पर ऑस्ट्रियाई नागरिक की मदद से एक प्रौद्योगिकी फर्म की आर्थिक जासूसी में लगे हुए थे। बताया जा रहा है कि खुद उस ऑस्ट्रियाई नागरिक ने ही अधिकारियों को यह बात बताई है। 

वहीं, अपनी वेबसाइट पर जारी एक बयान में रूसी दूतावास ने कहा कि वह ऑस्ट्रियाई अधिकारियों के निराधार निर्णय से आहत था, जोकि रूस और ऑस्ट्रिया के बीच रचनात्मक संबंधों को क्षति पहुंचा रहा है। 

Clickरूस ने कोरोना वैक्सीन डेटा चोरी के आरोपों को नकारा

इससे पहले भी ऑस्ट्रिया में जासूसी के मामले सामने आ चुके हैं। दो महीने पहले एक अलग मामले में ऑस्ट्रिया के एक रिटायर्ड आर्मी जनरल को रूस के लिए जासूसी करने का दोषी पाए जाने पर तीन साल कैद की सजा दी गई थी। 

पश्चिमी यूरोप के दूसरे देशों की तुलना में ऑस्ट्रिया और रूस के संबंध अच्छे माने जाते हैं। रूस ऑस्ट्रिया की राजधानी विएना के पास स्थित पाइपलाइन हब से पश्चिमी यूरोप में प्राकृतिक गैस की सप्लाई करता है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के संबंधों में दरार आने की आशंका है।