भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 11,929 नए मरीज मिले हैं वहीं 311 संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। कोरोना संक्रमण के मामले में एक दिन में यह अबतक का सबसे ज्यादा बढ़ोतरी है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक देशभर में अबतक कुल 3,20,922 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं, जिनमें 9,195 लोगों की मौत हुई है। वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या 1,49,348 है। देशभर में अबतक कुल 1,62,379 मरीज पूरी तरह से स्वस्थ हो गए हैं।

भारत में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में प्रतिदिन 10 हजार से ज्यादा की वृद्धि हो रही है। पिछले 24 घंटे में इस महामारी के अबतक के सबसे ज्यादा नए केस मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के डाटा के अनुसार पिछले 24 घंटे में 311 लोगों की मौत हुई है। इस महामारी ने भारत में अबतक कुल 9,195 लोगों की जान ली है। दुनियाभर में इस महामारी से अबतक 78 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं वहीं 4 लाख 32 हजार लोगों की मौत हुई है।

पिछले 10 दिनों में 1 लाख से ज्यादा नए मामलों के साथ भारत विश्व के सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों की सूची में चौथे स्थान पर है। सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों में सबसे आगे अमेरिका है जहां 21 लाख 42 हजार से ज्यादा लोग इस महामारी के चपेट में आए हैं, जिसमें एक लाख सत्रह हजार से ज्यादा लोगों की मृत्‍यु हो चुकी है। अमेरिका के बाद ब्राजील का नंबर आता है जहां संक्रमितों का संख्या साढ़े आठ लाख से ज्यादा है। तीसरे पायदान पर रूस है जहां 5 लाख 20 हजार से ज्यादा केस हैं।