वॉशिंगटन। वेनेजुएला पर अमेरिकी हमला और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव तेज़ हो गया है। इसी बीच अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी से एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के आवास पर हमला हुआ है।
यह घटना विलियम हॉवर्ड टैफ्ट ड्राइव पर स्थित ईस्ट वॉलनट हिल्स इलाके में स्थित वेंस के घर पर हुई।शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हमले में वेंस के घर की खिड़कियां टूटी है। उनके आवास पर पत्थरबाजी के साथ ही साथ घर पर फायरिंग की बात भी कही जा रही है। हांलाकि, फायरिंग को लेकर अभी तक औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है। हमले के बाद अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने एक संदिग्ध शख्स को हिरासत में लिया है।
अधिकारियों के मुताबिक जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त जेडी वेंस और उनका परिवार घर पर मौजूद नहीं था। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि हिरासत में लिया गया व्यक्ति उपराष्ट्रपति के घर के अंदर घुसने की फिराक में था। हालांकि, वह अपनी कोशिश में सफल नहीं हुआ। वेंस के घर के पास से रविवार रात 12:15 बजे आरोपी को भागते हुए देखा गया था।
इस घटना को लेकर अमेरिकी मीडिया ने व्हाइट हाउस और सीक्रेट सर्विस से जानकारी मांगी है। लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। स्थानीय मीडिया द्वारा दिखाई गई तस्वीरों में घर की खिड़कियां टूटी हुई दिख रही थीं, हालांकि सटीक हालात अभी भी साफ नहीं है। CNN ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया कि अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या इस घटना में वेंस या उनके परिवार के सदस्यों को जानबूझकर निशाना बनाने की कोशिश की गई थी।
उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के आवास पर ये हमला ऐसे समय पर हुआ है जब अमेरिका ने वेनेजुएला पर हमला कर कहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर लिया। अमेरिका की ओर से मादुरो की हथकड़ी लगी तस्वीरें भी जारी की गई। अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में वेनेजुएला में 80 नागरिक भी मारे गए। अमेरिका के इस एक्शन की दुनियाभर में निंदा हो रही है। इसी बीच अब उपराष्ट्रपति के आवास पर हमले की घटना के बाद अमेरिका में हड़कंप मच गया है।