नई दिल्ली। यूक्रेन और रूस के बीच जारी तनाव के बीच भारतीय दूतावास ने यूक्रेन में रह रहे भारतीय नागरिकों को जल्द ही यूक्रेन छोड़ने की सलाह दी है। भारतीय दूतावास ने एक एडवाइजरी करते हुए यूक्रेन में पढ़ रहे छात्रों व नागरिकों को अस्थाई तौर पर यूक्रेन छोड़ने के लिए उपलब्ध व्यवसायिक और चार्टर फ्लाइट के विकल्प तलाशने के लिए कहा है। 





भारतीय दूतावास ने यह जानकारी ट्वीट कर दी है। आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर साझा की गई एडवाइजरी में भारतीय दूतावास ने कहा है कि रूस और यूक्रेन के बीच जारी तनाव को देखते हुए भारत के जिन भी नागरिकों व छात्रों का यूक्रेन में रहना अधिक आवश्यक नहीं है, वे अस्थाई तौर पर यूक्रेन छोड़ दें। 



अचानक जारी की गई एडवाइजरी ने यूक्रेन में रह रहे भारतीय छात्रों के बीच दहशत पैदा कर दी है। छात्र भारत सरकार और भारतीय दूतावास के इस रवैए को लेकर काफी आक्रोशित नजर आ रहे हैं। छात्रों का कहना है कि आखिर भारत हमेशा ही देर क्यों कर देता है। 



भारतीय दूतावास के ट्वीट पर यूक्रेन में पढ़ने वाले छात्र अपना गुस्सा जाहिर भी कर रहे हैं। एक छात्र ने कहा कि देश छोड़ने की जानकारी ने अचानक छात्रों में दहशत पैदा कर दी है और उड़ान शुल्क भी आसमान पर चढ़ गया है। छात्र ने पूछा कि क्या दूतावास कभी छात्रों की आर्थिक क्षमता के बारे में सोचता है?जब उड़ानें बहुत सस्ती थीं तो उन्होंने सूचित क्यों नहीं किया? भारत हमेशा लेट क्यों होता है? 



यूक्रेन में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एयर इंडिया ने तीन फ्लाइट संचालित करने का निर्णय लिया है। 22,24 और 26 फरवरी को यूक्रेन से एयर इंडिया की तीन फ्लाइट भारत के लिए उड़ान भरने वाली हैं।